Search This Blog

Wednesday 30 October 2013

तुम्हारा नाम क्या है?





गुस्सा आने पर क्या करते हो
और जाने के बाद क्या ?,दोनों बताना
सुबह को लेने का वक़्त ,रात को छोड़ने का
जिमखाने की टाइमिंग्स, रोज़ी रोटी, तालीम तुम्हारी 
हंसी की नाप इंचो में बता देना
आसुओं की बालिस्तो में
मौके ,बेमौके रोना भी पड़ेगा तुम्हे
अखबार कौन सा पढ़ते हो?
काफी सिगरेट शर्ट की ब्राण्ड
घड़ीसाज़ ,दर्जी और दोस्तों के नाम
पन्नो के दाए कोनो पर जो लिखापढ़ी
करते हो ,तुम्हारी अपनी होती है
या इधर उधर से, तो शायर का नाम भी ?
पसंददीदा रंग गाने गाड़ी फिल्मे बाते ,सब सब
और ये फिलोसफी का क्या चक्कर है ?
दिल की कोई पुरानी चोट वोट हो तो वोह भी
और इश्क किस किस्म का करते हो ये भी
देखो चुप चुप मत रहो
ज़वाब भेज दो सारे ,बाँध कर हवाओं में
मिल जाए बस वक़्त पर हमे
तो क़िरदार में जान भी आ जाएगी
और कहानी चल रही है जो महीनो से
पूरी हो जायेगी ....
तुम्हारा नाम क्या है?
                                                   श्रुति 


Tuesday 29 October 2013

एक बूढ़े शहर का ट्रैफिक जैम

एक बूढ़े शहर का ट्रैफिक जैम
सड़के आज भी जहाँ  “मूल “
पर गाड़िया चक्रवधि ब्याज
फसी थी मै भी एक जैम में
मगर किसी शहर के नहीं..
आधी पूरी नज्मो का उलझा यातायात
कच्चे पक्के ख़याल ,टेढ़े मेढ़े मिसरे
6  लेन पर भागती गाडियों जैसे
हार्न बजाती ,लाइट जलाती
एक साथ दौड़ लगाती
कौन सी पकडू ,कौन सी छोड़ू ,कश्मकश
बमुश्किल ,दो तीन ही संभली
बाकी सरक ली दूर बहुत
इंतज़ार पकड़ कर हाथों में
मै तो आज भी वोही हूँ
पर उचक्के मन ने मेरे
लंबी छलांग मारी है
पंहुचा है अब कर्फ्यू में कही
जहां दूर दूर तक न तो कोई
नज़्म दिखाई पड़ती है

न ही कोई हार्न सुनाइ पड़ता है 

                           श्रुति 

एक राह

एक राह पर चलते चलते ,एक राह ने पुकारा
अजीब सी आवाज़ में , अलग सा इशारा
जाना नहीं पहले कभी ,बोला करती है राहे भी
ऐसा पहली बार हुआ था  मै हैरां एकदम हैरां थी
सोच रुक ही जाती हु , सुने है लोग बहुत पहले
आज इसको सुन लेती हु ,बोली फिर मै तैयार हूँ अब
सुना , मुझे क्या सुनाती है , बोली फिर वोह
“राह नहीं मै गाँव हूँ , जामुना की ठंडी छाँव हूँ
खेत हूँ ,खलिहान हूँ ,देहरी ,देहलीज़ दालान हूँ
गाये ,भैंस ,बैलगाड़ी हूँ ,कन्डो पर रखी दुधांडी हूँ
भट्टी पर चढ़ा गन्ने का रस ,चकिया में पिसा पिसान हूँ
मेड़ो पर जगा बथुआ ,छपरे पर चढ़ा कुमढा हूँ
ताल में पड़ा सिंघाड़ा हूँ भीट में उगाया पान हूँ मै
शिवाला हूँ ,मज़ार हूँ ,चाक पर बैठा कुम्हार हूँ
चूल्हा रंगती बहु भी हूँ ,धुप में तपता किसान हूँ मै
पर वक़्त चलता चला गया ,गाँव सिमटता गया
राह चौड़ी होती रही ,मै छुप छुप कर रोती रही
आत्मा हूँ उस गाँव की ,यही कही मै रहती हूँ
तुमसे मै ये कहती हूँ ....
राह नहीं मै गाँव हूँ ,जामुना की ठंडी छाँव हूँ मै “



                                             shruti

Monday 28 October 2013

तू कहा करता था ....

तू कहा करता था ....
“चाहता हू अलग रहू धारा बहती रहे अथाह
किनारे पर खड़े हुए देखू धारा का प्रवाह “
कहना है आसान बहुत , करना भी आसान  
सुन्दर लगती है धाराए ,गर दूर से देखि जाए
मीठी सी की आवाज़ करे ,और गीत सभी ये गाये
गर दूर से देखी जाए ,गर दूर से देखि जाए  
समझ न इन्हें ,थोडा सा और ,थोडा सा ज़्यादा,
नमक नहीं तू , पास आ, कर न कोई वादा   
देख ज़रा ,  बूढ़ी सी इस धारा को
कांप कांप कर बहती ये ,अधूरेपन में जीती है
कंकड़ ,पत्थर में चलती ये , तंग रास्तो पर छिलती है
 काई में गिरती पड़ती, हर रोज़ फिसलती रहती है
ख़ामोशी से चलती चुप  , फिकर तेरी ये करती है
सुन कर आवाज़ कही इसकी , तू बिखर न जाए
संभाल न पाए खुद को ,करीब न आ जाए
साया भी तेरा पड़ जाए तो ,जिंदा फिर हो जाएगी
खोखली सी देह इसकी बासुरी बन जाएगी
 धारा एक सूख चली, एक धारा तो बह जाएगी
किनारों पर खड़ा रहकर तू कुछ समझ न पायेगा
अलग रहना चाहता है , तू अलग ही रह जायेगा

                                           श्रुति 

Friday 25 October 2013

A Story

I met a story, on my way
One more half, made  my day
 Story of a tree, only and lonely,
No one around and no things surround
Bereft of leaves, bereft of love
In need of flowers, in need of showers
Without any fruit ,without any shoot
Ah! What pain..it went and it went
Nobody sits, no monkeys ride
No  birds chirping  ,No wish tied,
No bells ringing, no children swing
 all is quiet ,   all is quiet
Except  a ” whisper “
I happened to hear ,”I am not
Destitute and  dispossessed
Dejected and deprived
I MAY LOOK ALONE ,I MAY LOOK WRONG
“SOLITARY TREES, IF  THEY GROW AT ALL
GROW STRONG”

                                                                                shruti





Monday 21 October 2013

याद है न तुम्हे .....



याद है न तुम्हे .....
 वो ज़ीरो फिगर वाली शाम
कैसी चर्बी चढ़ाई थी उस पर ,
मॉलो ,पार्को को दबाकर किनारे
कब्रिस्तान का प्रोग्राम बनाया था
सन्नाटे के बीच , ताबूत बन रहे थे
और रन भी , वो अमलतास के पीछे क्रिकेट
याद है न तुम्हे .....
चक्कर पूरा काटा था वहाँ का
दिया था वक़्त ,एक एक कब्र पर
देखा कैसे था उन सबको
उपन्यास के क़िरदार हो कोई
या फिर ग़ालिब के शेरों हो जैसे
और वो दिलजला पेड़ ,बिना पत्तो वाला ,
काली काली जली भुनी डाले उसकी
सामने वाली नीम्बी को देख
ज़्यादा खुश भी नहीं था
वो कोना , डरा डरा सा, स्याह स्याह
रात पहले पहुची थी जहाँ शाम से
घबरा गयी थी तुम वहाँ ,
याद है न तुम्हे ... मौत का मज़ा
लिया था हमने ...    
                                       श्रुति 






रौशन है तू बहुत मगर

रौशन है तू बहुत मगर
 यू भी बहकना ठीक नहीं
होश गवां बैठी तू सारे
दीवानों सा बर्ताव करे
कैद कर कमरे में तुझको
रक्स कराऊ, भीतर ही भीतर
पर चमक तेरी, गज़ब पर गज़ब ढाए
दुश्वारिया बढ़ाये , छन छन कर बाहर आये
खिड़की से झांकी जाये , जाली से बहती जाये
रोशनदान को मनाकर तूने
चिलमनो को भी बिगाड़ा  है
किवाड़ो को फुसलाकर
 अब क्या दीवारें भी गिराएगी  
बेसब्री तेरी साफ़ दिखे है
सीएफएल में दमकती रहती तू 
ट्यूबलाइट में चमकी जाये रे 
भूल गयी क्या ,रौशन नहीं तू खुद से है
उधार “चाँद” से लाती रोज़
छुप छुप कर जाती   ‘ तली भर ले आती
सोच कभी ऐसा भी हो
शरमाई सी पहुचें  तू , चाँद के दरबार में
हाथ फैलाये खड़ी रहे ,रौशनी की दरकार में
      “चाँद रहे मूड में “
पिघल जाये ख़ुद बा ख़ुद
सिमट कर , उतर आये 
सुराही में तेरी , पूरा का पूरा
सोच कभी ऐसा भी हो .....
                                                                          श्रुति 


Saturday 19 October 2013

ज़ोर की बारिश

                         
ज़ोर की बारिश में
यूकेलिप्टस के दो लम्बे ऊचे पेड़
प्यार का कॉन्ट्रैक्ट री–न्यू कर रहे है
झुक झुक कर कानो में मुह डालकर
गुपचुप बाते , चल रही है
नयी नयी शर्ते ,नए समझौते चल रहे है
भाव बढ़ रहे है , नियम बदल रहे है
गहरे समुंदर के ऊपर लहरें चलती है जैसे
सच्ची मुहब्बत के फर्जी रिन्यूअल चल रहे है
प्यार के सभी दांव पेंच चल रहे है

                                                               श्रुति 


वक़्त ज़्यादा ज़्यादा है ...

                 
सुबह का बढ़ रहा वज़न
शामो की लम्बाई
बदली बदली ,तबियत मेरी
बदल गया अंदाज़ मेरा

वॉली बाल का शौक नया
वाक से गहरा नाता है
नींद थोड़ी कम कम है
वक़्त ज़्यादा ज़्यादा है

कवितायेँ सुलझ न पाई जो
कवि खुद सुना कर जाते है
जम्हाई गर आ जाये तो
 फिर चाय भी पिलाते है

क़िताबे सभी भारी भरकम
अलमारी में सुस्ताती थी
पन्ने पलटकर खुद अपने
पास मेरे आ जाती है

मिसरे भी थे, नाराज़ कभी
कुछ ख़ास नहीं कर पाई मै
वक़्त वक़्त की बात है सब
नज्मो संग इश्क लड़ाती हू


विश्व युद्धों में उलझी हू
“चर्चिल” के खत सब बाकी है
“गुलज़ार” बहुत सताते है
“ओशो” से पुराना वादा है
नींद थोड़ी कम कम है
वक़्त ज़्यादा ज़्यादा है

एक खौफ़ घेरे रहता है
एक डर भी डराता है
मुझसे कहता दिन रात यही
“ शौक तेरे टेढ़े मेढ़े सब
तू सनकी होती जाती है
आइना भी देख कभी
तेरी उमर ढलती जाती है
तेरी उमर ढलती जाती है
इतना भी समझ नहीं पाती  है
कि नींद तेरी कम कम क्यों
क्यों वक़्त तेरा ज़्यादा है “
                         श्रुति



Friday 18 October 2013

मेरे घर में चोरी हो गयी

मेरे घर में चोरी हो गयी
सब चला गया
पैसे कपडे गहने
घर का कीमती सामान
सालो साल का जमाया
सब गायब..
गहरी नींद में सोये थे जब
रात ताला तोडकर
ख़ुशी आई ,दबे पाँव
सब उड़ा ले गयी

मेरे घर में चोरी हो गयी
                       श्रुति  

खाली भरी शाम .....

                      
आसमान अलग था ...
सिर्फ एक चाँद , सिर्फ एक तारा
खाली भरी शाम जैसे 
खाली कि, सिर्फ एक चाँद
और सिर्फ एक तारा
भरी भी इसीलिए ...
एक चाँद से सटा एक तारा
चाँद , बुदबुदाता शायर
फलक के कोने कोने से नज़्मे लेता
तारे को पेश किये जाये
शुरु में कुछ फीका फीका तारा
नज़्म दर नज़्म ,चमकता जाये
चाँद की उधारी शायरी,
 रौब ज़माने लगी थी
कुछ ही देर में पूरा आसमान
 तारो से भर गया   
वो एक तारा कही गुम गया ...



                          श्रुति 

Thursday 17 October 2013

पत्तों का शहर

                              
उड़े हुए पत्तो का
एक शहर होगा
पुरानी बस्ती होगी बहुत
सूखे, पीले पत्तो की
दूर सफ़र करके , आते होंगे सब
हाल खबर लेकर , किस्सों की गठरी
सर पर ढ़ोकर लाये जो
खुलती होगी , निकलती होंगी
लंबी छोटी बाते.........
भौरों की दोपहर ,जुगनू की राते 
पतझड़ की बाते  , बहार की बाते  
सावन की बाते  , भोले की बाते   
शाखों की बाते   , महुओं की बाते
ओस का गिरना  , फूलों पर मरना
कउओ के भाषण , बयां के गाने
मोम का बचपन, जवानी की ऐठन 
मौसम बदलना , झुर्री की बाते  
उमर का ढलना , मसों की बाते  
कीड़ो की आहट , फिर गुमसुम गुमसुम  
शाखों से जुदाई , आंधी की बाते  
उड़ना उड़ाना, वो डेरा बदलना
एक बुज़ुर्ग पत्ते ने
बताया सब , आज शाम
चेहरे पर उसके ...
पैरो के निशान थे
                                                                          श्रुति